हज़ारीबाग़ की टूटी सड़कों पर फूटा जनता और जनप्रतिनिधि का ग़ुस्सा

हज़ारीबाग़ :- शहर की बदहाल सड़कों से त्रस्त जनता की पीड़ा अब प्रतीकात्मक विरोध की शक्ल में सामने आ रही है। हज़ारीबाग़ नगर निगम क्षेत्र की जर्जर सड़कों की दुर्दशा को उजागर करने के लिए आज भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने शहरी क्षेत्र के लेपो रोड पर बैल से हल जोतकर अनोखा प्रदर्शन किया। यह विरोध केवल प्रतीकात्मक नहीं था, बल्कि हज़ारीबाग़ की आम जनता के उस दर्द, ग़ुस्से और निराशा की अभिव्यक्ति थी, जो वे रोज़ इन टूटी-फूटी, कीचड़ से भरी और धूल उड़ाती सड़कों पर झेल रहे हैं।

विधायक प्रसाद ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पिछले छह महीनों से नगर निगम की सड़कों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। जनता का जीवन दूभर हो चुका है कहीं गड्ढों में गाड़ियाँ धँस रही हैं, तो कहीं बरसात में कीचड़ और जलजमाव से आमजन का निकलना भी मुहाल हो गया है। इसके बावजूद, न तो नगर निगम जागा और न ही राज्य सरकार ने सुध ली।

विधायक ने कहा कि वे कई बार जिला प्रशासन और राज्य सरकार को इस मुद्दे से अवगत करा चुके हैं। लेकिन अफ़सोस की बात है कि सारे विभाग केवल बैठकों और काग़ज़ी योजनाओं तक सिमट कर रह गए हैं। ज़मीनी स्तर पर न तो सड़कों की मरम्मत हुई है, न ही नालियों की सफ़ाई और न ही किसी अन्य मूलभूत सुविधा में सुधार आया है।

उन्होंने हज़ारीबाग़ नगर निगम को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शहर की अधिकांश सड़कों की हालत इस कदर बदहाल है कि वो अब सड़कें नहीं, बल्कि गड्ढों का सिलसिला बन चुकी हैं। नगर निगम के अफसर मूकदर्शक बने बैठे हैं और सरकार केवल बहानेबाज़ी की राजनीति कर रही है। यह सरकार जनता के दुख-दर्द की साझेदार नहीं, बल्कि केवल सत्ता सुख भोगने में व्यस्त है।

प्रदीप प्रसाद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दीपावली और छठ महापर्व से पहले सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे जनता की आवाज़ को सड़क से लेकर विधानसभा तक गूंजायेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायक के इस अनोखे विरोध को समर्थन दिया और अपनी नाराज़गी जाहिर की। लोगों ने कहा कि वे हर दिन जान जोखिम में डालकर इन सड़कों पर चलने को मजबूर हैं, लेकिन प्रशासन से कोई मदद नहीं मिल रहा है.