राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राफेल में भरेंगी उड़ान

नई दिल्ली : देश की तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज भारतीय वायु सेना के अत्याधुनिक राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी। राष्ट्रपति का यह ऐतिहासिक कार्यक्रम हरियाणा के अंबाला वायुसेना स्टेशन से आयोजित होगा। राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि श्रीमती मुर्मु बुधवार सुबह अंबाला पहुंचेंगी, जहां वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी उनका स्वागत करेंगे। राष्ट्रपति को इस अवसर पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा और उन्हें राफेल विमान की संरचना, तकनीकी विशेषताओं और युद्ध क्षमता की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद वे भारतीय वायु सेना के पायलटों के साथ राफेल में उड़ान भरेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु इससे पहले भी भारतीय वायु सेना के साथ उड़ान का अनुभव प्राप्त कर चुकी हैं। उन्होंने 8 अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर वायुसेना स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई में उड़ान भरी थी। राफेल भारतीय वायु सेना का प्रमुख और सबसे आधुनिक बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है। इसने हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान कई अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

About Pravar Bani